फ्रांस से चलकर युएई में रुके हुए राफेल आज दोपहर सवा तीन बजे अम्बाला एयरबेस पर पहुंच गए। इनको लेकर आने वाली टीम का स्वागत करने के लिए एयर सेना प्रमुख अम्बाला में पहुंचे हुए थे।
हालांकि, मौसम कुछ खराब था, बादल छाए हुए थे। सुरक्षा की बात करें तो एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक कड़ी सुरक्षा की गई थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थे। हेलिकॉप्टर लगातार एयरफोर्स स्टेशन के ऊपर से उड़ान भर रहे थे। पूरी सुरक्षा के बीच दोपहर सवा तीन बजे राफेल अम्बाला पहुंच गए।
अंबाला में राफेल के आने से पहले ही जश्न शुरू हो गया था। ढोल की ताल पर तिरंगा फहराया गया। इस मौके पर पूर्व सैनिकों के साथ विधायक असीम गोयल जमकर थिरके। गोयल ने लोगों से अपील भी की थी कि शाम को लाइटें और दीप जलाकर राफेल का स्वागत करें। एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक लगते सभी गांवों में ये सख्त हिदायत दी गई थी कि वे न तो घरों की छत पर चढ़ेंगे और न ही किसी तरह की वीडियोग्राफी करेंगे। इसको लेकर पुलिस ने मुनादी की थी। पुलिस का साफ कहना था कि ऐसा करते हुए अगर कोई पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अम्बाला में सुबह से ही घरों की छतों पर लोगों ने डेरा जमा लिया था। वे दूर से ही एक बार राफेल को आते हुए देखना चाहते थे। हालांकि बादल छा जाने से उन्हें हल्की सी निराशा जरूर थे, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग छतों पर राफेल का इंतजार कर रहे थे। शहर में लगे पोस्टर्स राफेल के स्वागत में शहर में पोस्टर्स और बैनर लगाए गए थे। पूरे शहर के लोग उत्साहित दिखे।