अम्बाला के सिरफिरे युवक ने एयरफोर्स स्टेशन अथॉरिटी को पत्र भेज अम्बाला, अयोध्या, दिल्ली व पंजाब में धमाके होने की जानकारी दी। इस चिट्ठी में कई लोगों के नाम भी लिखे हुए थे। इन नामों के आधार पर जांच शुरू हुई और जांच में जो सामने आया वो काफी हैरान करने वाला था।

दरअसल चिट्ठी लिखकर जानकारी देने वाला कोई आतंकी या एजेंट नहीं बल्कि प्यार और सौदे में धोखा खाया अम्बाला के बाड़ा गांव का 25 वर्षीय विशाल निकला। उसने दो एक्स गर्लफ्रेंड्स के पति व दोस्त और ओएलएक्स पर उससे हुई ठगी का बदला लेने के लिए यह कहानी बनाई थी। डीएसपी राम कुमार ने बताया कि पत्र में जालंधर व यमुनानगर के बिलासपुर के दो लोगों के नाम का जिक्र था। उन दोनों तक पुलिस पहुंची तो उन्होंने अम्बाला के ‘विशाल’ का नाम लिया। फिर पुलिस ने विशाल को कैंट के विजय रतन चौक से हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ में उसने पूरी कहानी बयान कर दी। विशाल को देश के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सोमवार सुबह उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
- 2018 में विशाल की एक गर्लफ्रेंड थी। वह उससे शादी करना चाहता था, पर पारिवारिक रजामंदी नहीं हुई। युवती की शादी जालंधर में हो गई। विशाल ने शादी रुकवाने को उसके मंगेतर को फोन भी किए, लेकिन शादी नहीं रुकवा पाया। तब से गर्लफ्रेंड के पति से रंजिश रखने लगा।
- विशाल की दूसरी गर्लफ्रेंड बनी, जो अम्बाला की निवासी थी। लेकिन उस युवती की दोस्ती बिलासपुर के रहने वाले एक कपड़ा दुकानदार से हो गई। विशाल ने जनवरी 2020 में दबाव बनाकर यह दोस्ती तुड़वा दी। बाद में युवती ने बताया कि दुकानदार ने उससे 25 हजार रुपए उधार लिए थे, जो वापस नहीं किए। विशाल ने दुकानदार को जुलाई 2020 में फोन कर धमकाया, जिसके बाद उसने 25 हजार रुपए वापस किए। विशाल तभी से दुकानदार से खुन्नस रखता था।
- जुलाई माह में ही विशाल ने ओलएलएक्स पर आर्मी की वर्दी पहने लोगों को देखा जिन्होंने एप्पल 5एक्स सस्ते दामों में बेचने की पेशकश की। एडवांस के तौर पर विशाल से बबलू व जय ने 3200 रुपए ठग लिए। इसी प्रकार विशाल एक्टिवा लेना चाहता था, ओएलएक्स पर वर्दी पहने दो युवा एक्टिवा बेचने का दावा कर रहे थे। विशाल ने इन्हीं युवकों मनीष व प्रवीण से संपर्क किया, मगर वह भी फर्जी निकले।
पुलिस से बिना शिकायत किए विशाल इन चारों को भी मजा चखाना चाहता था। इसलिए उसने चिट्ठी में सभी के नाम लिखे।
#ambala #blast #latter #police #arrest #haryananews #latestnews