खेल मंत्रालय ने 29 अगस्त को खेल दिवस के मौके पर दिए जाने वाले नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड के लिए सिलेक्शन पैनल की शुक्रवार को घोषणा की। इसमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के अलावा मेंस हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह को शामिल किया है। 12 मेंबर्स वाले इस सिलेक्शन पैनल के मुखिया सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस एम. शर्मा होंगे।

यह पैनल राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद अवॉर्ड, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार, तेनजिंग नॉर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड और मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी के विजेताओं का सिलेक्शन करेगी। इस पैनल में पिछले साल राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार हासिल करने वाली पहली महिला पैरा एथलीट दीपा मलिक को भी रखा गया है। इसके अलावा कमेटी में मोनालिसा बरूआ मेहता (टेबल टेनिस), वेंकटेशन देवराजन (बॉक्सिंग), खेल कॉमेंटेटर मनीष बटाविया, खेल पत्रकार आलोक सिन्हा और नीरू भाटिया भी हैं। खेल मंत्रालय से स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डायरेक्टर जनरल संदीप प्रधान, खेल विभाग के संयुक्त सचिव एल एस. सिंह और टारगेट ओलंपिक पोडियम (टॉप्स) योजना के सीईओ राजेश राजागोपालन भी इस पैनल में होंगे।
एक ही सिलेक्शन पैनल
खेल मंत्रालय के सूत्र ने न्यूज एजेंसी को बताया कि पिछले साल की तरह इस बार भी हमने खिलाड़ियों और कोच के लिए एक ही सिलेक्शन पैनल रखा है। हमारा मानना है कि एक से ज्यादा पैनल परेशानी खड़ी करते हैं और इससे विवाद बढ़ते हैं। द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए सिलेक्शन पैनल के चेयरमैन दो अतिरिक्त सदस्यों को शामिल कर सकता हैं, जो इस पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हों।