इनेलो नेता ओपी चौटाला ने किसके लिए कहा कि उनकी तो खिड़की बंद पड़ी है?

पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने शुक्रवार को प्रचार की शुरूआत करते हुए बरोदा हलके के नौ गांवों का दौरा किया। उन्होंने अपने संबोधन में एक शेर सुनाते हुए कहा कि ‘आवाज ए खलक – नक्कारा ऐ खुदा’ अर्थात जनता की आवाज भगवान का नगाड़ा होती है और विरोधी भी मानते हैं कि प्रदेश के सबसे ज्यादा विकास कार्य इनेलो के शासनकाल में हुए हैं।

उन्होंने सीएम विंडो को लेकर कहा कि लोगों की समस्या का समाधान करने के लिए जो खिड़की खोली थी, वह बंद पड़ी हुई हैं। यह केवल ढकोसला था और लोगों को गुमराह करने के लिए किया था। आज गांवों में पेयजल समस्या है। सड़कों की मरम्मत नहीं हो रही। किसानों की फसल एमएसपी रेट नहीं खरीदी जा रही है। आज ऐसा समय आ गया है कि लोग कांग्रेस और भाजपा दोनों से बेहद दुखी हैं और इनेलो में शामिल होने वालों की बाढ़ आई हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों हवा में बातें करके जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम जीते तो प्रदेश की सरकार में भगदड़ मच जाएगी और इनके विधायक टूट कर दूसरी पार्टियों मे चले जाएंगे। प्रदेश की गठबंधन सरकार टूट जाएगी जिससे मध्यावती चुनाव होंगे और आपकी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि हमने अतीत में अच्छे काम किए हैं, सरकार बनने के बाद भविष्य में और भी अच्छे काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हम कहने में नहीं करने में विश्वास रखते हैं इसलिए हम आज बरोदा के लोगों से वादा करके जा रहे हैं कि इनेलो की सरकार बनने पर सभी समस्याओं का समाधान करेंगे और चाहे वो आर्थिक नुकसान है, सामाजिक नुक्सान है या फिर व्यापारिक नुक्सान है, हम उन सारे नुक्सानों की भरपाई करेंगे और लोगों की समस्याएं दूर करेंगे।