//nessainy.net/4/4503445
top of page

अब करनाल से मेरठ जाना होगा आसान, जानिए क्यों?

राष्ट्रीय राजमार्ग 709 ए करनाल से मेरठ तक 106 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली सडक के निर्माण कार्य का सीएम मनोहर लाल ने शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बनने से न केवल हरियाणा बल्कि उत्तर प्रदेश के लोगों को भी आने-जाने में सुविधा होगी। यह मार्ग अगले 15 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राजमार्ग देवीलाल चौक करनाल से प्रारम्भ होकर यमुना पुल तक बनेगा, जिसकी लम्बाई लगभग साढ़े 14 किलो मीटर है। फरवरी, 2022 तक यह राजमार्ग जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि देवीलाल चौक से शुगर मिल करनाल तक यह राजमार्ग 6 लेन का होगा तथा शुगर मिल से यमुना पुल तक फोरलेन का बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 6 लेन के राजमार्ग की कुल चौड़ाई साढ़े 27 मीटर तथा फोरलेन की सडक़ की कुल चौड़ाई साढ़े 20 मीटर रहेगी। इस सडक़ के निर्माण में एक बड़ा ब्रिज, 7 छोटे ब्रिज तथा 19 पुलिया बनेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राजमार्ग के बनने से बढ़ते ट्रैफिक की समस्या से निजात मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने डीसी निशांत कुमार यादव को निर्देश दिए कि इस मार्ग के शुरू होने से पहले रास्ते व पुलियों को लेकर ग्रामीणों से चर्चा कर लें, ताकि निर्माण कार्य में कोई रूकावट न आए और न ही उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़े।

उन्होंने कोरोना महामारी के चलते जनता से अपील की है कि वह सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखें और प्लाज्मा का दान करने के लिए आगे आएं, ताकि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 84 प्रतिशत रिकवरी रेट है। हरियाणा में कोरोना के एक्टिव केस 30 दिन में दोगुने हो रहे हैं, जबकि देश के अन्य राज्यों में यह बढोतरी 18 दिनों में हो रही है।

12 views
bottom of page