जननायक जनता पार्टी ने संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहली सूची में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 12 पदाधिकारियों और तीन प्रदेशाध्यक्षों के नामों की घोषणा की है। पार्टी ने हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और डा. केसी बांगड़ को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।

2014 में हिसार लोकसभा सीट से चुनकर देश के सबसे युवा सांसद रहे और अक्तुबर 2019 में हरियाणा के उपमुख्यमंत्री बने दुष्यंत चौटाला को संगठन ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी है। सोनीपत निवासी डॉ केसी बांगड़ इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव थे और वे हरियाणा लोकसेवा आयोग के चेयरमैन रह चुके हैं। जेजेपी ने हरियाणा, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रदेशाध्यक्षों के नामों की भी घोषणा की है।
- वरिष्ठ नेता सरदार निशान सिंह को पार्टी ने फिर से प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी है। टोहाना से विधायक रह चुके सरदार निशान सिंह को संगठन चलाने का खासा अनुभव है। - सीनियर नेता ओमप्रकाश सहरावत दिल्ली के प्रदेशाध्यक्ष होंगे और आगरा निवासी चौधरी मोहिंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। - गुड़गांव निवासी अनंतराम तंवर को फिर से पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष घोषित किया है। अनंतराम तंवर डा. अजय सिंह चौटाला के विश्वस्त नेता हैं और इनेलो छोड़कर जेजेपी में आने वाले प्रथम कतार के नेता हैं। - गुहला से विधायक ईश्वर सिंह को भी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ईश्वर सिंह 1977 में पहली बार विधायक बने थे और 2008 से 2014 तक राज्यसभा सांसद रहे। वरिष्ठ नेता ईश्वर सिंह राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग के सदस्य रहे हैं और अध्यक्ष का काम भी देख चुके हैं। - सोनीपत से वरिष्ठ नेता तेलूराम जोगी, महेंद्रगढ़ से राव कंवर सिंह कलवाड़ी, पानीपत से बहन फूलवती, पानीपत से जेजेपी के वरिष्ठ नेता व पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान और पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान को जेजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। - सिरसा से जेजेपी के वरिष्ठ नेता राधेश्याम शर्मा को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव बनाया गया है। सिरसा से दो बार पार्षद रहे राधेश्याम शर्मा डा. अजय सिंह चौटाला परिवार के करीबी रहे हैं और उन्हें संगठन में काम करने का खासा अनुभव है।
- पार्टी ने हिसार निवासी राजेंद्र लितानी को राष्ट्रीय संगठन सचिव की जिम्मेवारी सौंपी है। इससे पहले राजेंद्र लितानी ने प्रदेश संगठन सचिव के तौर पर काम किया है और हिसार के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं।
- गुड़गांव निवासी दलबीर सिंह धनखड़ को पार्टी का राष्ट्रीय प्रचार सचिव बनाया है। दलबीर धनखड़ कई वर्षों से जेजेपी के प्रदेश प्रवक्ता के तौर पर टीवी पर होने वाली बहस में पार्टी का पक्ष रखते रहे हैं।
#jjp #dushyantchoutala #diptycmdushaynt #nishansingh #politicalnews #latestnews #haryananews #newskinews #jjpnewteam