सोना कितना सोना है की जगह अब आप पूछिए कि सोना कितना महंगा है। क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ घरेलू बाजारों में भी सोना-चांदी की कीमतें रोज नए-नए रिकॉर्ड बना रही हैं। चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

शुक्रवार को सोना वायदा ने एक बार फिर ऑलटाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाया। सुबह सोना 55,506 रुपए प्रति दस ग्राम पर खुला। लेकिन थोड़ी ही देर में ये 685 रुपए की बढ़त के साथ 56,191 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह सोने का नया ऑलटाइम हाई रिकॉर्ड है।
हालांकि, यह तेजी ज्यादा देर नहीं रह सकी और टूटकर फिर 56 हजार के स्तर से नीचे आ गया। सुबह करीब 10 बजे यह 95 रुपए की गिरावट के साथ 55750 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। गुरुवार को सोना 55,845 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यह अक्टूबर की डिलिवरी का भाव है।
चांदी की कमतों में भी उछाल-
वैश्विक स्तर पर सुरक्षित निवेश में दिलचस्पी बढ़ने के कारण चांदी वायदा की कीमतों में भी लगातार उछाल दर्ज किया जा रहा है। MCX में शुक्रवार को चांदी में 75,063 रुपए प्रति किलो पर कारोबार शुरू हुआ। थोड़ी ही देर में यह 2886 रुपए की बढ़त के साथ 77,949 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया। इस बढ़त के साथ चांदी 78 हजार रुपए प्रति किलो के करीब पहुंच गई है। यह इसका नया ऑलटाइम हाई रिकॉर्ड है। गुरुवार को चांदी 76,052 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई थी। यह सितंबर की डिलिवरी का भाव है।