//nessainy.net/4/4503445
top of page

हॉकी पर कोरोना की मार, 6 खिलाडी हो चुके संक्रमित

भारतीय हॉकी टीम कोरोना की मार झेल रही है। टीम के अब तक 6 खिलाडी संक्रमित हो चुके हैं। जबकि बेंगलुरु में 20 अगस्त से नेशनल हॉकी कैंप शुरू होना है।

कैंप से पहले भारतीय फॉरवर्ड मंदीप सिंह की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे टीम के छठे खिलाड़ी हैं, जो इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने यह जानकारी दी। उनसे पहले कप्तान मनप्रीत सिंह, डिफेंडर सुरेंद्र कुमार, जसकरन सिंह, ड्रैग-फ्लिकर वरुण कुमार और कृष्ण बी पाठक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ चुकी है। ये सभी खिलाड़ी ट्रेनिंग कैंप से पहले साई सेंटर में अपना दो हफ्ते का क्वारैंटाइन पीरियड पूरा कर रहे थे।

साई ने बयान जारी कर बताया कि बेंगलुरु में ट्रेनिंग कैंप के लिए पहुंचे भारतीय हॉकी टीम के सदस्य मंदीप का 20 खिलाड़ियों के साथ कोरोना संक्रमण की जांच के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट हुआ था। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, लेकिन उनमें किसी तरह के लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं। फिलहाल, साई के डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।

साई के डॉक्टरों के मुताबिक, भारतीय कप्तान के अलावा जिन 4 खिलाड़ियों की कोरोना रिपोर्ट 2 दिन पहले पॉजिटिव आई थी, उनमें बहुत मामूली लक्षण नजर आ रहे हैं। उनका कैंप के भीतर ही इलाज किया जा रहा है। टोक्यो ओलिंपिक की तैयारियों के लिहाज से भारतीय हॉकी टीम का ट्रेनिंग कैंप मार्च में बेंगलुरु के साई सेंटर में चल रहा था। इसी दौरान कोरोना के कारण लॉकडाउन हो गया और सभी खिलाड़ी बेंगलुरु में ही फंस गए थे। एहतियातन साई ने कैंप को भी बंद कर दिया था। इसके बाद अनलॉक-1 में 19 जून को खिलाड़ी अपने-अपने घर लौट गए थे। सभी खिलाड़ियों को दोबारा जुलाई में कैंप के लिए आना था, लेकिन कर्नाटक में लॉकडाउन बढ़ने के कारण इसे टाल दिया गया था।

साई की मंजूरी के बाद सभी खिलाड़ी 4 अगस्त से कैंप में शामिल हुए थे। तभी से सभी खिलाड़ी दो हफ्ते के लिए क्वारैंटाइन में हैं। इसी दौरान खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट हुआ था। कैंप के लिए पुरुष टीम के 32 और महिला टीम के 25 खिलाड़ी साई सेंटर में मौजूद हैं।

6 views
bottom of page