हरियाणा में कोरोना का संक्रमण और इससे होने वाली मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। संक्रमितों की संख्या 42878 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 7 लोगों की मौत हुई है। यमुनानगर में 3, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, रेवाड़ी, फरीदाबाद में 1-1 मरीज की जान गई है। इस वायरस से पहली मौत 2 अप्रैल को हुई थी। तब से 10 अगस्त तक 131 दिन में 502 मौत हो चुकी हैं।

पहली 100 मौतें 75 दिन में हुई थीं। 400 से 500 के आंकड़े तक पहुंचने में महज 14 दिन लगे हैं। अब तक सबसे ज्यादा 142 मौतें फरीदाबाद में हुई हैं। एक दिन में 711 मरीज ठीक हुए। अब तक 35492 लोग ठीक हो चुके हैं। 6884 सक्रिय मरीज हैं। 136 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें 114 की सांसे ऑक्सीजन और 22 की सांसे वेंटिलेटर के सहारे चल रही हैं। अब तक 753945 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। 5726 लोगों की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है। 29 दिन में मरीज दोगुने हो रहे हैं।
36% डायबिटीज : कोरोना की वजह से जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें 339 किसी न किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। जबकि 163 को कोई रोग नहीं था। जिन मरीजों की मौत हुई, उनमें सबसे ज्यादा 36% मरीज डायबिटीज से पीड़ित थे। 24% को सांस संबंधी रोग, 17% को हाइपरटेंशन, 17% हार्ट पेशेंट, 13% किडनी संबंधी बीमारियों से पीड़ित, 8% न्यूरो से संबंधित बीमार, 10% कैंसर, 2% लीवर, 1% एनीमिया से पीड़ित थे। 20 फीसदी की अभी इन्वेस्टिगेशन हो रही है।
5 साल तक के 3 बच्चों की मौत हुई। 15 से 24 साल तक के 6, 25 से 34 साल तक के 58, 35 से 44 साल तक के 58, 45 से 54 साल तक के 72 मरीजों की जान गई। 55 से 64 साल तक के सर्वाधिक 107, 65 से 74 तक के 101, 75 से 84 साल तक के 54, 85 से 94 तक के 12 और 95 साल से ऊपर के एक मरीज ने दम तोड़ा।